नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में सात और लोगों को गिरफ्तार किया है तथा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब तक कुल 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं तथा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।
इस बीच, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी कि जो लोग इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर भ्रामक, एआई से बनाए गए वीडियो साझा कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालिया कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन महिलाएं भी हैं जिनकी पहचान सायरा उर्फ काली (40), शरीफान (50) और सलमा (36) के रूप में हुई है, और ये सभी उत्तम नगर की निवासी हैं।
अधिकारी ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में पूछताछ के लिए पहले हिरासत में लिया गया था।
अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सुहैल उर्फ साहिल (21), समीर चौहान (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) शामिल हैं तथा ये सब भी उत्तम नगर के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि हिंसा में शामिल होने के आरोप में 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सायरा उर्फ काली वही महिला थी जिससे कथित तौर पर विवाद हुआ था। यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब पीड़ित परिवार की एक छोटी बच्ची ने होली के दिन पानी का गुब्बारा फेंका, जो पास से गुजर रही काली पर गिर गया और उस पर पानी के छींटे पड़ गए।
इसके बाद, दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई और फिर यह घनी आबादी वाले जेजे कॉलोनी क्षेत्र में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान, कथित तौर पर कई लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर हमला किया तथा घायल तरुण की अस्पताल में पांच मार्च को मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है जिसके मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने कहा, ‘‘हमने देखा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घटना से संबंधित एआई से बनाए गए कुछ फर्जी वीडियो व्यापक रूप से साझा किए जा रहे हैं। हमारी टीम सभी वीडियो की जांच कर रही हैं और हम इसमें शामिल लोगों की पहचान भी कर रहे हैं। जो लोग गलत जानकारी फैला रहे हैं, उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस टीम झड़प में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पूरे क्षेत्र को जोन, सेक्टर और उप-सेक्टर में बांट दिया है।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘मैं व्यक्तिगत रूप से जोन की निगरानी कर रहा हूं, एसीपी सेक्टर की निगरानी कर रहे हैं और एसएचओ सब-सेक्टर की निगरानी कर रहे हैं। हमने बड़ी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) समेत विभिन्न बलों के कर्मी तैनात किए हैं। स्थिति सामान्य हो रही है।’’
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
इस बीच, रविवार को दिल्ली नगर निगम ने मामले में एक आरोपी के घर के ‘‘अवैध हिस्सों’’ को ढहा दिया। एमसीडी के अधिकारियों ने कहा कि ‘‘नालों पर बने अतिक्रमण को हटाने’’ की कार्रवाई के तहत ऐसा किया गया।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल