अमरावती, 30 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल ने नयी दिल्ली में एक नए आंध्र भवन के निर्माण और अमरावती में कई परियोजनाओं सहित अन्य प्रस्तावों को बृहस्पतिवार को मंजूरी दी।
मंत्रिमंडल ने आंध्र प्रदेश मार्कफेड को रबी मौसम में धान की खरीद और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 1,800 करोड़ रुपये के नए कार्यशील पूंजी ऋण को स्वीकृति दी।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मंत्रिमंडल ने नयी दिल्ली में 11 एकड़ से अधिक भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से एक नया आंध्र प्रदेश भवन बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’
मंत्रिमंडल ने निर्माण कार्य का जिम्मा नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन को सौंपने का निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने तीन संशोधित पैकेजों के तहत अमरावती में कृष्णा नदी के किनारे पर बाढ़ सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए 443 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दी।
भाषा आशीष वैभव
वैभव