मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने बृहस्पतिवार को उपायुक्त (डीसीपी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) रैंक के 21 अधिकारियों का तबादला कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग द्वारा आज शाम जारी किए गए स्थानांतरण आदेश के फलस्वरूप 10 जिलों को नए एसपी मिले हैं।
आदेशानुसार, नासिक ग्रामीण के एसपी बालासाहेब पाटिल को मुंबई में डीसीपी बनाया गया है। नासिक में उनकी जगह ठाणे ग्रामीण के एसपी डीएस स्वामी को नियुक्त किया गया है।
राज्य खुफिया विभाग (एसआईडी) में डीसीपी के पद पर तैनात संदीप घुगे का तबादला मुंबई पुलिस में कर दिया गया है, जबकि अहिल्यानगर के एसपी सोमनाथ घार्गे को राज्य पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।
अहिल्यानगर में घार्गे की जगह चंद्रपुर के एसपी मुमक्का सुदर्शन लेंगे। चंद्रपुर में आयुष नोपानी एसपी होंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘नंदुरबार के एसपी श्रवण दत्त का तबादला राज्य पुलिस मुख्यालय में कर दिया गया है। जालना के एसपी अजय बंसल को महाराष्ट्र साइबर विभाग का एसपी बनाया गया है। अमरावती ग्रामीण के एसपी सिंगुरी विशाल आनंद , जिन्होंने परातवाड़ा यौन उत्पीड़न मामले को संभाला था, को धुले का एसपी बनाया गया है। परभनी के एसपी रविंद्रसिंह परदेसी का तबादला एसआईडी के डीसीपी के रूप में कर दिया गया है।’’
इसी तरह और कई तबादले किये गये हैं।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव