नोएडा के कई निजी स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

Ads

नोएडा के कई निजी स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 01:41 PM IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 24 मार्च (भाषा) नोएडा के कम से कम 12 निजी स्कूलों को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली तथा प्रथम दृष्टया यह सूचना झूठी पाई गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह रामाज्ञा स्कूल, खेतान पब्लिक स्कूल, फादर एगनिल स्कूल समेत कम से कम 12 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए जिसमें परिसर में बम रखे होने और जल्द विस्फोट होने की बात कही गई थी।’’

सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ते की सहायता से स्कूल परिसरों की जांच कराई तथा एहतियातन कक्षाएं स्थगित कर विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं खारी

खारी