केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के ‘डीपफेक’ वीडियो से जुड़े कई सोशल मीडिया लिंक हटाए गए: सूत्र
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के ‘डीपफेक’ वीडियो से जुड़े कई सोशल मीडिया लिंक हटाए गए: सूत्र
नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के ‘‘डीपफेक वीडियो से जुड़े’’ सोशल मीडिया के कई लिंक हटा दिए गए हैं। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गोयल ने आरोप लगाया है कि संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत के उनके वीडियो के साथ ‘‘दुर्भावनापूर्ण तरीके’’ से छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक रूप दिया गया है। इस मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
‘डीपफेक’ वीडियो कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से इस प्रकार तैयार किया जाता है कि उसमें कोई व्यक्ति ऐसी बातें कहता या करता दिखाई देता है, जो उसने वास्तव में कभी नहीं कही।
यह कार्रवाई उस कथित ‘डीपफेक’ वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद की गई, जिसमें गोयल को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित रूप से धमकी भरी टिप्पणी करते दिखाया गया।
गोयल ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि जनता को गुमराह करने के लिए कृत्रिम मेधा का गैर-जिम्मेदाराना इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और न ही किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस ‘डीपफेक’ वीडियो से जुड़े कई सोशल मीडिया लिंक हटा दिए गए हैं।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री गोयल ने अपनी पोस्ट में कहा कि संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत के उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर कृत्रिम मेधा की मदद से उसका ‘डीपफेक’ तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने के उद्देश्य से प्रसारित किया जा रहा है।
गोयल ने कहा, ‘‘मैंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है और आज यानी 25 जुलाई को तड़के चार बजकर 35 मिनट पर चाणक्यपुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस फर्जी वीडियो को बनाने, प्रसारित करने या जानबूझकर बढ़ावा देने में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जानकारी के लिए केवल सत्यापित और प्रामाणिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
गोयल ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि भारत के जागरूक और प्रौद्योगिकी का कुशलतापूर्वक उपयोग करने वाले नागरिक, विशेषकर युवा ऐसी भ्रामक सूचनाओं के झांसे में नहीं आएंगे।’’
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की ‘फेक्ट-चेक’ इकाई ने भी शुक्रवार शाम कहा था कि पाकिस्तान से जुड़े और दुष्प्रचार करने वाले खातों से ‘डीपफेक’ वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को प्रदर्शनकारी छात्रों के बारे में झूठी और धमकी भरी टिप्पणी करते दिखाया गया है।
यह कथित ‘डीपफेक’ वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ द्वारा नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन के बीच सामने आया है।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


