राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक भीषण लू चलेगी, श्रीगंगानगर में तापमान पहुंचा 48 डिग्री

राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक भीषण लू चलेगी, श्रीगंगानगर में तापमान पहुंचा 48 डिग्री

राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक भीषण लू चलेगी, श्रीगंगानगर में तापमान पहुंचा 48 डिग्री
Modified Date: May 27, 2026 / 10:06 pm IST
Published Date: May 27, 2026 10:06 pm IST

जयपुर, 27 मई (भाषा) राजस्थान बुधवार को भीषण लू की चपेट में रहा तथा श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

मौसम विभाग के अनुसार, पिलानी में अधिकतम तापमान 47 डिग्री रहा, जबकि बीकानेर में यह 46.6 डिग्री और फलौदी में 46.2 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री दर्ज हुआ।

आज अधिकांश प्रमुख शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।

विभाग ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक राजस्थान में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी

जयपुर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया, “बीकानेर एवं कोटा संभागों और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान 46 से 47 डिग्री तक रह सकता है जबकि पश्चिमी राजस्थान के सीमा क्षेत्रों में 27 और 28 मई को तापमान 48 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।”

मौसम विभाग ने 27 और 28 मई के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

इस बीच, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश शुरू होने का अनुमान है।

अधिकारी ने बताया कि 29 एवं 31 मई के बीच इसका अधिकतम असर रहेगा, फलस्वरूप जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर एवं बीकानेर संभागों में धूल भरी आंधी, 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई से तापमान में दो–तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होने का अनुमान है, जिससे लू से राहत मिलेगी।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में