शाह ने 90 मिनट का भाषण ‘पसंदीदा अपशब्द’ के बिना पूरा किया, यह चमत्कार है : कांग्रेस

Ads

शाह ने 90 मिनट का भाषण ‘पसंदीदा अपशब्द’ के बिना पूरा किया, यह चमत्कार है : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 01:39 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 01:39 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा में सोमवार को 90 मिनट का भाषण अपने पसंदीदा ‘अपशब्द’ का इस्तेमाल किए बिना पूरा कर लिया, जो एक चमत्कार है।

मुख्य विपक्षी दल की यह टिप्पणी शाह के इस वक्तव्य के एक दिन बाद आई है कि मोदी सरकार में देश नक्सलवाद से मुक्त हो गया है और नक्सलियों का ढांचा लगभग पूरी तरह से नष्ट हो गया है, जबकि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में वामपंथी उग्रवादियों की हिंसा को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं किया था।

लोकसभा में शाह ने यह भी आरोप भी लगाया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कई बार सार्वजनिक रूप से नक्सलियों के प्रति सहानुभूति रखने वालों के साथ देखा गया था और यहां तक ​​कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से माओवादियों के प्रति ‘‘सहानुभूति वाले वीडियो’’ भी पोस्ट किए थे।

शाह पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कल, गृह मंत्री ने लोकसभा में एक चमत्कार किया। उन्होंने अपने उस पसंदीदा अपशब्द का इस्तेमाल किए बिना 90 मिनट तक भाषण दिया, जिसे पिछले कई मौकों पर कार्यवाही से हटाना पड़ा।’’

रमेश ने इस महीने की शुरुआत में अपने पोस्ट को भी टैग किया जिसमें उन्होंने शाह पर कटाक्ष किया था और कहा था कि लोकसभा में फिर से बोले गए उनके पसंदीदा शब्दों में से एक को कार्यवाही से हटा दिया गया है।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा