शाह ने दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की बंगाल में आधारशिला रखी

Ads

शाह ने दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की बंगाल में आधारशिला रखी

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 06:10 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 06:10 PM IST

कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पश्चिम बंगाल में अमूल बंगाल डेरी परियोजना के तहत दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखी।

शाह ने न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर से हावड़ा में बनने वाले इस संयंत्र की आधारशिला डिजिटल माध्यम से रखी। इस मौके पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अमूल ब्रांड के तहत डेरी उत्पादों का विपणन करने वाली गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

करीब 700 करोड़ रुपये के निवेश से हावड़ा फूड पार्क में बनने वाली इस परियोजना की प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता होगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, संयंत्र में हर दिन करीब 1,000 टन दही और अन्य संवर्धित डेरी उत्पादों का उत्पादन किया जा सकेगा। इसके पूरा होने के बाद यह दुनिया की सबसे बड़ी दही उत्पादन इकाई बन जाएगी।

बयान में कहा गया कि इस परियोजना से पश्चिम बंगाल के 1.25 लाख से अधिक डेरी किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनमें 30,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। इससे किसानों को दूध के लिए स्थिर बाजार उपलब्ध होगा और राज्य में डेरी सहकारी नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

यह परियोजना राज्य में डेरी बुनियादी ढांचे के विस्तार और मूल्यवर्धित दूध प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत विकसित की जा रही है।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप