शिवकुमार ने अपने राजनीतिक सफर को दिशा देने का श्रेय गांधी परिवार को दिया

Ads

शिवकुमार ने अपने राजनीतिक सफर को दिशा देने का श्रेय गांधी परिवार को दिया

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 04:28 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 04:28 PM IST

बेंगलुरु, दो जून (भाषा) शपथ ग्रहण से एक दिन पहले, कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को अपने राजनीतिक सफर में गांधी परिवार की भूमिका के लिए उनका आभार व्यक्त किया और जीवन के हर पड़ाव में उन पर भरोसा जताने के लिए उन्हें (गांधी परिवार) धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के नेतृत्व तथा राज्य की जनता के आशीर्वाद से वह साझा मूल्यों पर आधारित प्रगतिशील, समावेशी और समृद्ध कर्नाटक के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रहे शिवकुमार तीन जून को शाम करीब चार बजे लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उनके साथ मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्य भी शपथ ग्रहण करेंगे।

उन्हें 30 मई को आधिकारिक तौर पर कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गांधी परिवार ने मेरे राजनीतिक सफर में निर्णायक भूमिका निभाई है। यह केवल उनके नेतृत्व की वजह से नहीं, बल्कि जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर मुझ पर जताए गए उनके विश्वास के कारण भी संभव हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि वह अक्सर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद करते हैं, जिन्होंने एक युवा कार्यकर्ता में उस समय संभावनाएं देखी थीं जब वह स्वयं भी अपनी क्षमताओं को पूरी तरह नहीं पहचान पाए थे।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘उनके प्रोत्साहन ने मुझे बड़े सपने देखने और सार्वजनिक जीवन के प्रति खुद को समर्पित करने का आत्मविश्वास दिया। महान नेता वही होते हैं जो दूसरों में संभावनाएं पहचानते हैं और उन्हें अपनी अपेक्षाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। राजीव गांधी ने मेरे लिए यही किया था।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें नेतृत्व का एक और महत्वपूर्ण पाठ सिखाया।

शिवकुमार के अनुसार, ‘‘सच्चे नेता केवल सफलता के क्षणों में आपके साथ नहीं खड़े होते, बल्कि कठिन समय में भी आपको ताकत, प्रोत्साहन और अटूट समर्थन देते हैं। मेरी राजनीतिक यात्रा के चुनौतीपूर्ण दौर में उन्होंने मुझ पर जो भरोसा जताया, उसे मैं हमेशा याद रखूंगा।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार उनके लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा का स्रोत रहे हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों में उनका विश्वास, लोगों की बात सुनने की उनकी तत्परता और अधिक समावेशी तथा संवेदनशील भारत का उनका दृष्टिकोण उन्हें निरंतर प्रेरित करता रहा है।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘मेरे सार्वजनिक जीवन में उनका समर्थन हमेशा एक मजबूत स्तंभ की तरह रहा है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी वाद्रा हमेशा सहज, आत्मीय और प्रोत्साहित करने वाली रही हैं।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘उन्होंने हर कार्यकर्ता के साथ सम्मान और गरिमा का व्यवहार किया है। वह हमें याद दिलाती हैं कि राजनीति का मूल उद्देश्य लोगों से जुड़ना और उनकी आकांक्षाओं को समझना है। उनका मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मेरे लिए हमेशा अत्यंत मूल्यवान रहा है।’’

भाषा खारी मनीषा

मनीषा