बेंगलुरु, 27 मई (भाषा) कांग्रेस विधायक अशोक पट्टन ने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को हवा देते हुए बुधवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के अगला मुख्यमंत्री बनने की काफी संभावना है।
नए नेतृत्व के तहत मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल का संकेत देते हुए, पट्टन ने यह भी कहा कि मौजूदा मंत्रिमंडल के लगभग 15 से 20 मंत्रियों को नए चेहरों को जगह देने के लिए पद छोड़ना पड़ सकता है।
उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में मतदान की कोई संभावना नहीं है और नए नेता का चुनाव सर्वसम्मति से होगा।
पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने कि क्या शिवकुमार मुख्यमंत्री बन सकते हैं, रामदुर्ग से कांग्रेस विधायक पट्टन ने कहा, ‘‘हां, इसकी 100 प्रतिशत संभावना है। निश्चित रूप से ऐसी संभावना है।’’
जब यह पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का इस्तीफा देना एक झटका होगा, तो विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में इस तरह के घटनाक्रम कोई असामान्य बात नहीं हैं।
सीएलपी बैठक के संभावित समय और अगले नेता के चुनाव के लिए मतदान की संभावना के बारे में पूछे जाने पर, पट्टन ने किसी भी तरह के मुकाबले से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर सीएलपी की बैठक होती है, तो सभी विधायक एकजुट रहेंगे। फिर एक नाम मजबूती से उभरेगा, हम उसका प्रस्ताव रखेंगे, और फिर नेता का चुनाव स्वतः ही हो जाएगा।’’
पट्टन ने यह भी कहा कि अगले मुख्यमंत्री को लेकर संभवतः दो दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
भाषा आशीष माधव
माधव