नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर चर्चा की।
मंत्रिमंडल का विस्तार अगले विधानसभा सत्र से पहले किए जाने की संभावना है।
दोनों नेताओं ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की और पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ भी विचार-विमर्श किया।
हालांकि, वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात नहीं कर सके, क्योंकि खरगे को अचानक कर्नाटक के लिए रवाना होना पड़ा था।
इन बैठकों के बाद सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य सिद्धरमैया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद, राज्य के कई मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचे। शिवकुमार और सिद्धरमैया ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की है और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ भी उनकी बैठक हुई है।’’
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘चर्चाएं अभी शुरू हुई हैं। मैं अभी कोई निश्चित तारीख नहीं बता सकता। फिलहाल इतना ही कहा जा सकता है कि यह प्रारंभिक स्तर की चर्चा है। कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार बहुत जल्द होगा।’’
उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल में 20 पद रिक्त हैं और विधानसभा अध्यक्ष का पद भी खाली है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”परामर्श की प्रक्रिया पूरी होने दीजिए। चर्चा पूरी होने के बाद ही कुछ निश्चित कहा जा सकता है। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक, बल्कि सभी रिक्तियां भरी जाएं। मुझे उम्मीद है कि विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले मंत्रिमंडल का गठन पूरा कर लिया जाएगा।’’
शिवकुमार ने तीन जून को मुख्यमंत्री पद की और 13 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। इससे पहले 28 मई को सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
कर्नाटक मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम मंत्रियों की संख्या 34 हो सकती है। मौजूदा स्थिति के अनुसार 20 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
भाषा हक सुरेश
सुरेश