ओडिशा में होने वाली ब्रिक्स देशों के शिक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक में शामिल होंगे प्रह्लाद जोशी
ओडिशा में होने वाली ब्रिक्स देशों के शिक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक में शामिल होंगे प्रह्लाद जोशी
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ओडिशा के भुवनेश्वर में पांच से सात अगस्त तक होने वाली ब्रिक्स देशों के शिक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक में भाग लेंगे।
शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि ओडिशा में ब्रिक्स के वरिष्ठ अधिकारियों की तीसरी बैठक भी आयोजित की जाएगी।
मंत्रालय ने बताया, ‘‘भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत शिक्षा मंत्रालय पांच से सात अगस्त, 2026 तक ओडिशा के भुवनेश्वर में ब्रिक्स देशों के शिक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक और ब्रिक्स के वरिष्ठ अधिकारियों की तीसरी बैठक की मेजबानी करेगा।’’
इन बैठकों में ब्रिक्स सदस्य देशों के शिक्षा मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस दौरान प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को मजबूत करने, कौशल विकास तथा ब्रिक्स तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण (टीवीईटी) सहयोग गठबंधन के तहत सहयोग बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। मंत्रालय ने बताया कि अन्य प्रमुख मुद्दों में सहयोगात्मक शोध, नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देना, योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता को मजबूत करना तथा शैक्षणिक नेतृत्व के लिए क्षमता निर्माण शामिल हैं।
ब्रिक्स समूह में शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे।
वर्ष 2024 में समूह का विस्तार करते हुए मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को इसमें शामिल किया गया।
इसके बाद 2025 में इंडोनेशिया भी ब्रिक्स का सदस्य बना।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


