दमनकारी शासन के खिलाफ छात्र खड़े हो चुके हैं: राहुल
दमनकारी शासन के खिलाफ छात्र खड़े हो चुके हैं: राहुल
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में छात्रों के साथ आगामी आठ अगस्त को प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम से पहले मंगलवार को कहा कि देश के छात्र इस ‘‘दमनकारी शासन’’ के खिलाफ खड़े हो गए हैं और अब वे ‘‘खोखले वादों तथा नफरत से भरे प्रचार’’ को स्वीकार नहीं करेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने दावा किया कि प्रयागराज में रोजगार संकट की वास्तविकता को उजागर किया जाएगा।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कोटा में हमने छात्रों के सपनों की कीमत पर पलने वाली वसूली की व्यवस्था का पर्दाफाश किया। देहरादून में हमने प्रश्नपत्र लीक के पीछे की उस धांधलीपूर्ण व्यवस्था को उजागर किया, जिसने अनगिनत युवाओं का भविष्य बर्बाद किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रयागराज में हम रोजगार संकट की सच्चाई को सामने लाएंगे।’’
गांधी ने कहा कि देश के छात्र इस ‘‘दमनकारी शासन’’ के खिलाफ खड़े हो गए हैं और अब वे ‘‘खोखले वादों तथा नफरत से भरे प्रचार’’ को स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सुनिश्चित करेंगे कि उनकी आवाज पूरे देश में सुनी जाए। आठ अगस्त को प्रयागराज में हमारे साथ जुड़िए।’’
गांधी ने सोमवार को कहा था कि उनकी पार्टी प्रश्नपत्र लीक से प्रभावित छात्रों की आवाज लगातार उठाती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करेगी।
कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत होने वाला यह कार्यक्रम प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होगा।
कांग्रेस का कहना है कि इसके लिए 1.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्रों के इसमें शामिल होने की संभावना है।
भाषा हक देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


