एसआईए कश्मीर ने हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया

Ads

एसआईए कश्मीर ने हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 05:33 PM IST

श्रीनगर, 11 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने 2013 के एक आतंकवादी हमले के मामले में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी इम्तियाज अहमद कंडू के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के तरजू क्षेत्र में 2013 में हुए आतंकवादी हमले की जांच में एक बड़ी सफलता है, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के चार जवान शहीद हो गए थे।

अधिकारियों ने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ निरंतर जारी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एसआईए कश्मीर ने हिजबुल मुजाहिदीन के घोषित आतंकवादी इम्तियाज अहमद कंडू उर्फ फैयाज उर्फ सज्जाद के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया है।’

उन्होंने बताया कि सोपोर के क्रालटंग का निवासी कंडू वर्ष 2010 से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का सक्रिय सदस्य और कमांडर रहा है।

आतंकवादी गतिविधियों में निरंतर शामिल रहने के कारण भारत सरकार ने अक्टूबर 2022 में उसे आतंकवादी घोषित किया था।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप