नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) कई सिख नेताओं और 1984 के सिख-विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों के सदस्यों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास के बाहर शनिवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा पार्टी के पूर्व नेता सज्जन कुमार को कथित तौर पर ‘‘नायक’’ और “आदर्श” बताये जाने वाली टिप्पणियों को लेकर माफी की मांग की।
कांग्रेस के पूर्व नेता सज्जन कुमार का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। उन्हें 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराया गया था।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह कहलों ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया। भारी पुलिस बैरिकेड के बीच वे गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास के बाहर एकत्र हुए।
डीएसजीएमसी के एक नेता ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में दोषी ठहराये गये कुमार को क्या ‘‘नायक’’ माना जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘सज्जन कुमार के निधन के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा जिस तरह के बयान दिये गये कि “सज्जन कुमार हमारे नायक हैं,” वे आपत्तिजनक हैं। राहुल गांधी को आज यह स्पष्ट करना होगा कि क्या सज्जन कुमार उनके नायक हैं।’’
कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा दिए गए एक बयान का हवाला देते हुए, डीएसजीएमसी नेता ने गांधी से सिख समुदाय से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘42 साल बाद हमारे परिवारों के जख्म फिर से हरे हो गए हैं। हमारी भावनाएं आहत हुई हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को इसे स्वीकार करते हुए माफी मांगनी चाहिए।’’
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे कथित टिप्पणियों को लेकर गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं से माफी की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारी शनिवार दोपहर जब गांधी के आवास के बाहर एकत्र हुए, तब पुलिस ने उनके आवास के आसपास सुरक्षा को बढ़ा दिया था।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप