जमशेदपुर, दो सितंबर (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक कारोबारी की हत्या के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रियल एस्टेट और होटल कारोबार से जुड़े निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के कंदरबेड़ा स्थित एक रेस्तरां में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह वहां जमीन के सौदे को लेकर कुछ लोगों से बातचीत करने पहुंचे थे।
पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एहतेशाम वकारिब और सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि दोनों जिलों की पुलिस टीमों ने झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर छापेमारी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वकारिब ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हत्या जमीन विवाद से जुड़ी हुई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस गिरोहों के बीच आपसी संघर्ष की संभावना समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता अखिलेश सिंह, जो वर्तमान में दुमका केंद्रीय जेल में बंद है, और गणेश सिंह के बीच गिरोहों की आपसी दुश्मनी की संभावना की भी जांच की जा रही है।’
उन्होंने बताया कि जांच के तहत पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी कथित शूटर राज कुमार सिंह और अंकित सिंह को 15 लाख रुपये में हत्या के लिए कथित तौर पर सुपारी दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान जमशेदपुर निवासी सुनील रजक, रितेश सिंह और सुशील केराई के रूप में हुई है। छठे आरोपी की पहचान तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से दो पिस्तौल और अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की गई है।
भाषा तान्या माधव
माधव