कोझिकोड (केरलम), दो सितंबर (भाषा) करीपुर हवाईअड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कथित तौर आठ माह के बच्चे के जरिये तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए उसके डायपर में छिपाए गए सोने समेत करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डीआरआई टीम की जांच के दौरान, बच्चे के डायपर में छिपाकर रखा गया लगभग आधा किलोग्राम सोना मिला, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
बच्चा मंगलवार रात अपने पिता और दो अन्य बच्चों के साथ रास अल खैमाह से हवाईअड्डे पहुंचा था। यह परिवार मलप्पुरम जिले के पोन्नानी का रहने वाला है।
डीआरआई की टीम ने सोने की तस्करी की कोशिश की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए जांच के लिए परिवार को रोका।
इसके बाद की गई जांच में डीआरआई ने पिता द्वारा अपने शरीर पर बांधा गया और सोना बरामद किया गया।
जब्त किए गए सोने की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस बात का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है कि सोना कहां से आया, इसमें किसकी संलिप्तता है और क्या इसमें कोई और भी शामिल था।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश