मंगलुरु में मादक पदार्थ की तस्करी के दो मामलों में छह लोग गिरफ्तार

Ads

मंगलुरु में मादक पदार्थ की तस्करी के दो मामलों में छह लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 07:17 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 07:17 PM IST

मंगलुरु (कर्नाटक), पांच मार्च (भाषा) मंगलुरु में कॉलेज के छात्र-छात्राओं को कथित तौर पर मादक पदार्थ बेचने के दो अलग-अलग मामलों में छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि पहला मामला मंगलुरु दक्षिण पुलिस थानाक्षेत्र का है जहां बद्रिया रोड पर एक लॉज में छापा मारकर पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया ।

पुलिस के अनुसार चारों की पहचान मोहम्मद सैयद अफरीदी (26), मकसूद साज (23), अहमद अली अरशान (22) और फेलिक्स पी. जोसफ (20) के रूप में की गई है।

पुलिस ने कहा कि इनके कब्जे से 53.87 ग्राम एमडीएमए, 103.20 ग्राम हाइड्रो वीड गांजा और एक कार बरामद की गयी है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलुरु उत्तर थाना में दर्ज एक अन्य मामले में दो व्यक्तियों- एडाल रोश (33) और ऐरॉन विशाल लासराडो (18) को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी कथित तौर पर गांजा और ‘हाइड्रो वीड’ बेच रहे थे।

पुलिस के मुताबिक इन दो आरोपियों के कब्जे से 60 ग्राम हाइड्रो वीड, एक किलो 155 ग्राम गांजा और एक कार बरामद की गयी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि मुंबई के संदीप शेट्टी नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर ‘हाइड्रो वीड’ की व्यवस्था की थी जिसे विमान से बेंगलुरु भेज गया। शेट्टी दुबई में एक होटल प्रबंधक है।

अधिकारी के अनुसार एडाल रोश ने बेंगलुरु हवाई अड्डे शेट्टी के बताए स्थानों पर इन मादक पदार्थों को पहुंचाया तथा बाद में इन मादक पदार्थों को अफरीदी और अरशान तक पहुंचाया गया जो कथित तौर पर इसे अपने वाहन में मंगलुरु लेकर आए और युवाओं को बेचा।

उन्होंने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की जांच चल रही है।

भाषा सं राजेंद्र राजकुमार

राजकुमार