मणिपुर के तीन जिलों से छह उग्रवादी गिरफ्तार

Ads

मणिपुर के तीन जिलों से छह उग्रवादी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 10, 2025 / 09:55 AM IST,
    Updated On - August 10, 2025 / 09:55 AM IST

इंफाल, 10 अगस्त (भाषा) मणिपुर के विभिन्न जिलों से सुरक्षाबलों ने पांच प्रतिबंधित संगठनों के छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पिछले दो दिन में बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम और थौबल जिलों में अलग-अलग अभियानों में उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।

प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनगांबा) की एक सक्रिय महिला सदस्य को शुक्रवार को इंफाल पश्चिम के चिंगमेइरोंग से गिरफ्तार किया गया, जबकि केसीपी (एमएफएल) के एक सदस्य को जिले के हाओबाम मारक स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (अपुनबा) के दो सक्रिय सदस्यों को शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के फयेंग से गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने शनिवार को थौबल के समाराम ममांग से प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सदस्य और इंफाल पश्चिम के थांगटेक से पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि जांच जारी है।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल