उप्र : बदायूं में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Ads

उप्र : बदायूं में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 04:36 PM IST

बदायूं, 11 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में छह साल की बच्ची के कथित अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची बृहस्पतिवार रात अपनी मौसी से मिलने एक निजी अस्पताल गई थी। वहां से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया और एक सुनसान मकान में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया।

पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान चंद्रकेश उर्फ ‘गति’ (30) के रूप में हुई है, जिसने रात लगभग 9:30 बजे अस्पताल के बाहर से बच्ची का अपहरण किया था। किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर बच्ची खून से लथपथ हालत में घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई।

इसकी सूचना मिलने पर परिजन तुरंत बच्ची को अस्पताल ले गए और पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (बिल्सी) के के तिवारी और प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती इलाज के बाद बच्ची को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ हृदेश कठेरिया ने शनिवार को कहा कि इस संबंध में तुरंत मामला दर्ज किया गया और पुलिस की टीम ने शुक्रवार रात आरोपी चंद्रकेश उर्फ ‘गति’ को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल बच्ची की चिकित्सा जांच की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत