कोझिकोड (केरल), 11 सितंबर (भाषा) दुर्लभ और घातक मस्तिष्क संक्रमण ‘अमीबिक मेनिन्जोएन्सेफलाइटिस’ से केरल में मौतों का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की मौत के साथ राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
मलप्पुरम ज़िले के चेलांब्रा निवासी 47 वर्षीय शाजी को नौ अगस्त को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी हालत गंभीर हो गई थी और बृहस्पतिवार तड़के उनका निधन हो गया।
शव को आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शाजी इस संक्रमण की चपेट में कैसे आए। यह रोग आम तौर पर दूषित जल में पाए जाने वाले अमीबा के कारण होता है।
फिलहाल कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में इस संक्रमण से ग्रस्त 10 मरीजों का उपचार हो रहा है।
इससे पहले सोमवार को मलप्पुरम ज़िले के वंदूर क्षेत्र की 54 वर्षीय महिला की भी इसी बीमारी से मृत्यु हो गई थी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि जुलाई से ‘‘मस्तिष्क ज्वर’’ के मामलों में वृद्धि को देखते हुए राज्य के उत्तरी ज़िलों में कुओं और तालाबों के क्लोरीनीकरण सहित सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
भाषा मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल