नीलगिरि में यातायात जाम से निपटने के लिए ‘स्मार्ट टूरिस्ट क्यूआर कोड’ की शुरुआत

Ads

नीलगिरि में यातायात जाम से निपटने के लिए ‘स्मार्ट टूरिस्ट क्यूआर कोड’ की शुरुआत

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 05:31 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 05:31 PM IST

उधगमंडलम (तमिलनाडु), 19 मई (भाषा) नीलगिरि जिले में गर्मी के मौसम के दौरान यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को ‘स्मार्ट टूरिस्ट क्यूआर कोड’ नामक एक आधुनिक ऑनलाइन पर्यटन गाइड की शुरुआत की।

चूंकि नीलगिरि आने वाले पर्यटक अक्सर अपने निजी वाहनों या टैक्सी से पहुंचते हैं, इसलिए अप्रैल और मई के महीनों में जिले में भारी यातायात जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

यातायात की भीड़ को कम करने और पर्यटन स्थलों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नीलगिरि जिला पुलिस द्वारा विकसित इस ‘स्मार्ट टूरिस्ट क्यूआर कोड’ की शुरुआत जिला पुलिस अधीक्षक एन एस निशा ने की।

इस क्यूआर कोड के माध्यम से पर्यटक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उन्हें अपनी यात्रा की रूपरेखा को प्रभावी ढंग से तैयार करने में मदद मिलेगी। पर्यटक विशेष रूप से ऊटी पहुंचने से पहले वहां के यातायात की वास्तविक समय की स्थिति का पता लगा सकते हैं। इसके अलावा, इसके जरिए वे विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पार्किंग की सुविधा का पता लगा सकते हैं, जिससे वे वहां पहुंचते ही सीधे अपने वाहन पार्क कर सकेंगे और अनावश्यक देरी से बच सकेंगे।

यह क्यूआर कोड पर्यटकों को नीलगिरि जिले के भीतर मौसम की स्थिति और सड़कों पर किसी भी संभावित मार्ग अवरोध के संबंध में तत्काल अलर्ट और चेतावनी सूचनाएं भी प्रदान करता है।

इस बीच, जिलाधिकारी लक्ष्मी भाव्या तनेरू ने घोषणा की कि घोड़ों में ‘इक्वाइन हर्पीज वायरस’ के प्रसार के कारण, बिना उचित अनुमति के अन्य जिलों से नीलगिरि में घोड़े लाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश