अमृतसर, नौ मार्च (भाषा) पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से नौ किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान अमृतसर के गिलां वाली गांव निवासी रणजीत सिंह उर्फ राणा के रूप में हुई है।
डीजीपी ने बताया कि राणा की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर मादक पदार्थ की खेप ले जाने के लिए किया जा रहा था।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, राणा पाकिस्तान स्थित तस्कर के संपर्क में था और अमृतसर के घोनेवाला गांव के पास ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप इकट्ठा कर रहा था।
डीजीपी यादव ने कहा कि यह कार्रवाई विशेष सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी को हेरोइन की खेप मिली है और वह इसे अमृतसर-रामदास रोड, अड्डा गांव, अनियातपुरा के पास किसी अन्य व्यक्ति को देने जा रहा है। पुलिस टीमों ने एक ‘नाका’ (चेकपॉइंट) लगाया और उसे हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के सभी संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है और अधिक गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल पुलिस थाने में स्वापक औषधी एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश