बेटे ने मां और बहन की हत्या कर शव को खेत में दफनाया, पुलिस ने खुदाई कर शव निकाले

Ads

बेटे ने मां और बहन की हत्या कर शव को खेत में दफनाया, पुलिस ने खुदाई कर शव निकाले

  •  
  • Publish Date - March 28, 2024 / 08:57 PM IST,
    Updated On - March 29, 2024 / 12:15 AM IST

जयपुर, 28 मार्च (भाषा) राजस्थान में पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक महिला और उसकी बेटी की कथित रूप से हत्या कर दोनों के शवों को खेत में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेसीबी की मदद से सात फुट की गहराई से शव निकाले।

पुलिस ने बताया कि महिला के छोटे बेटे रमेश ने अपनी मां, बहन और बडे़ भाई से संपर्क नहीं होने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उसने बताया कि बृहस्पतिवार को रमेश ने पुलिस को खेत में खून के निशान होने की जानकारी दी जिसपर पुलिस दल ने वहां पहुंच कर जेसीबी से गड्ढा खोद कर सात फुट नीचे से महिला और उसकी बेटी के शव निकाले।

पाली के पुलिस अधीक्षक चुनाराम ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के भालेलाव गांव की निवासी पानी देवी (55) और उसकी बेटी कविता (30) के शव बृहस्पतिवार को खेत में सात फीट गहरा गड्ढा खोदकर बाहर निकाले गये तथा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिये गये।

उन्होंने बताया कि रमेश ने इस संबंध में अपने बडे भाई सुरेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस सुरेश की तलाश कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा कुंज

राजकुमार

राजकुमार