बलिया में संदिग्ध गोतस्कर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

Ads

बलिया में संदिग्ध गोतस्कर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 09:56 AM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 09:56 AM IST

बलिया (उप्र) 26 जून (भाषा) शहर कोतवाली पुलिस ने एक मुठभेड़ में एक संदिग्ध गोतस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात साढ़े 12 बजे बलिया शहर कोतवाली पुलिस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास शिवरामपुर घाट रोड पर जांच कर रही थी, तभी उस तरफ आ रही एक स्कार्पियो गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया तो वाहन चालक ने गाड़ी घुमाकर किनाराम घाट की तरफ भागने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा वाहन का पीछा किया गया और पुलिस से घिरता देखकर चालक ने स्कॉर्पियो गाड़ी से उतरकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें पुलिस ने गाड़ी चालक को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी की पहचान नरही थाना क्षेत्र के इच्छा चौबे का पुरा गांव के निवासी मदन मोहन उर्फ़ डब्ल्यू यादव (27) के रूप में हुई है। गिरफ्तार मदन मोहन के विरुद्ध जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं और वह फेफना थाना में गोतस्करी के एक पंजीकृत मुकदमे में फरार था।

पुलिस ने गिरफ्तार मदन के पास से एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मदन शातिर गोतस्कर के साथ ही नरही थाने में दर्ज कुख्यात अपराधी है।

भाषा सं आनन्द

वैभव

वैभव