(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 26 जून (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ‘वेज एंड मीन्स कमेटी’ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने के रास्तों पर चर्चा की।
राजदूत क्वात्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ‘वेज एंड मीन्स कमेटी’ के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों के प्रमुख पहलुओं पर आयोजित विशेष गोलमेज चर्चा में शामिल हुआ।’’
‘वेज एंड मीन्स कमेटी’ अमेरिकी कांग्रेस की सबसे पुरानी समिति है और प्रतिनिधि सभा में कर संबंधी कानून का मसौदा तैयार करने वाली प्रमुख समिति मानी जाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने विचारों का आदान-प्रदान किया और व्यापारिक साझेदारी को और अधिक विस्तारित तथा गहरा बनाने के लिए आगे की दिशा पर चर्चा की।’’
यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत जारी है।
बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं मिसौरी के रिपब्लिकन सांसद जेसन स्मिथ और समिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य रिचर्ड नील सहित कई अन्य सदस्य मौजूद थे।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता ‘अंतिम चरण’ में है, लेकिन यह तब तक लागू नहीं हो सकता, जब तक भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में शुल्क के मामले में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त नहीं मिल जाती।
इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने नयी दिल्ली में पीयूष गोयल से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
भाषा रंजन वैभव
वैभव