चेक बाउंस मामले में जेल गए राजपाल यादव की मदद के लिए सोनू सूद ने बढ़ाया हाथ

Ads

चेक बाउंस मामले में जेल गए राजपाल यादव की मदद के लिए सोनू सूद ने बढ़ाया हाथ

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 04:41 PM IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) अभिनेता सोनू सूद ने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल प्राधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है और उन्हें एक फिल्म में भूमिका के साथ अग्रिम राशि प्रदान करने की पेशकश की है।

सूद ने फिल्म निर्माताओं और फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य लोगों से भी अपील की कि वे इस संकट की घड़ी में अभिनेता–कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आएं।

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से स्नातक अभिनेता राजपाल यादव फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वक्त’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘पार्टनर’, ‘भूल भुलैया’, ‘हंगामा’ और ‘चुप चुप के’ में अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं।

अभिनेता द्वारा चेक बाउंस मामले में बकाया के भुगतान के लिए और समय मांगे जाने की अर्जी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अभिनेता को करीब नौ करोड़ रुपये का भुगतान करना है।

वर्ष 2010 में यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मैसर्स मुरली प्रोजक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लाप रही।

यादव ने आत्मसमर्पण करने से पहले ‘बॉलीवुड हंगामा’ से कहा था कि उनके पास बकाया राशि चुकाने के लिए पैसे या अन्य कोई साधन नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपने सहकर्मियों से मदद ली, तो अभिनेता ने कहा कि फिल्म उद्योग में ”हर कोई अकेला” है।

सूद ने ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में फिल्म उद्योग से जुड़े साथियों से यादव की मदद करने की अपील की और उन्हें भविष्य की भूमिकाओं के लिए ‘साइनिंग अमाउंट’ देने के लिए कहा।

सोनू सूद ने एक पोस्ट में लिखा, ‘राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने कई वर्षों से हमारे उद्योग में अविस्मरणीय काम किया है। कभी-कभी जीवन निष्ठुर हो जाता है, इसका कारण प्रतिभा नहीं, बल्कि बुरा वक्त होता है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना ​​है कि यह हम सभी… निर्माताओं, निर्देशकों और सहकर्मियों के लिए एक साथ खड़े होने का समय है।’

अभिनेता ने कहा कि इस उद्योग को उन्हें यह महसूस कराना चाहिए कि वे अकेले नहीं हैं।

अभिनेता ने कहा, ”एक छोटा ‘साइनिंग अमाउंट’, जो भविष्य के काम के हिसाब से समायोज्य हो, दान नहीं बल्कि सम्मान है। जब हमारा कोई अपना किसी कठिन दौर से गुजर रहा हो… यह दिखाता है कि हम सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि इससे कहीं बढ़कर हैं।”

कई प्रशंसकों ने इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए सूद के इस कदम की सराहना की।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश