दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे ओडिशा में सक्रिय: आईएमडी

Ads

दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे ओडिशा में सक्रिय: आईएमडी

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 08:49 PM IST

भुवनेश्वर, 23 जून (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे ओडिशा में सक्रिय हो गया है और इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई है।

आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र के मौसम वैज्ञानिक संजीव द्विवेदी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 12 जून को ओडिशा में प्रवेश किया था और 23 जून तक यह राज्य के सभी 30 जिलों में पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

द्विवेदी ने बताया कि समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर बिहार से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा से होते हुए एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से बुधवार को विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

द्विवेदी ने बताया कि 24 जून को कटक, रायगड़ा, कोरापुट, गजपति और नयागढ़ जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके मद्देनजर इन जिलों के लिए ‘येलो वार्निंग’ (सतर्क रहने की चेतावनी) जारी की गई है।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, राज्य में 27 जून तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

मौसम कार्यालय ने मछुआरों को 24 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि ओडिशा तट के पास और दूरदराज के इलाकों में समुद्र की स्थिति बेहद अशांत रहने की आशंका है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश