बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों को विशेष प्रोत्साहन राशि मिलेगी : मुख्यमंत्री सैनी

Ads

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों को विशेष प्रोत्साहन राशि मिलेगी : मुख्यमंत्री सैनी

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 10:28 PM IST

चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को घोषणा की कि राज्य के सरकारी स्कूलों में ब्लॉक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) को प्रोत्साहन के रूप में 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार राशि का उपयोग संबंधित स्कूलों के समग्र विकास के लिए किया जाएगा।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सभी स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) को पेयजल टंकी, शौचालयों, चारदीवारी की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक छोटे-मोटे रखरखाव कार्यों पर एक लाख रुपये तक खर्च करने का अधिकार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपये तक के खर्च की अनुमति संबंधित अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) की मंजूरी के बाद दी जाएगी।

सैनी राज्य स्तरीय ऑनलाइन संवाद के माध्यम से हरियाणा के सरकारी स्कूलों की स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे।

बयान के अनुसार, इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘सच’ पोर्टल भी शुरू किया, जो सरकारी स्कूलों के मूल्यांकन के लिए विकसित एक व्यापक मंच है।

सैनी ने कहा कि सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों को ‘सच’ पोर्टल के जरिए चुना जाएगा।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप