श्रीनगर हवाई अड्डा एक अक्टूबर से 15 दिन रहेगा बंद, पर्यटन उद्योग को बड़े नुकसान की आशंका
श्रीनगर हवाई अड्डा एक अक्टूबर से 15 दिन रहेगा बंद, पर्यटन उद्योग को बड़े नुकसान की आशंका
श्रीनगर, दो जून (भाषा) श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे की मरम्मत और रखरखाव के लिए एक अक्टूबर से 15 दिन तक सभी उड़ानों का परिचालन बंद रहेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दो हफ्ते की यह बंदी जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है, क्योंकि इस दौरान दुर्गा पूजा के लिए अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद रहती है।
इस दौरान घाटी में पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ट्रैवल ऑपरेटरों को डर है कि हवाई अड्डा बंद रहने से बड़े पैमाने पर बुकिंग रद्द होगी और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, पूर्ण बंदी से पहले चरणबद्ध रखरखाव कार्यक्रम शुरू होगा। जुलाई से हर हफ्ते दो दिन हवाई अड्डा बंद रहेगा और अंततः एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक पूरी तरह बंद हो जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि परिचालन सुरक्षा के लिए रनवे की मरम्मत जरूरी है। भारतीय वायु सेना द्वारा जारी ‘नोटिस टू एयरमेन’ (नोटम) के बाद छह अप्रैल से उड़ानों पर पहले से ही पाबंदियां लागू हैं।
निर्माण कार्य की वजह से हवाई अड्डे की उड़ान सेवाएं पहले ही सीमित हो चुकी हैं। अभी उड़ानें केवल सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक ही संचालित हो रही हैं, जबकि पहले यह समय सुबह सात बजे से रात दस बजे तक था।
अक्टूबर में बंदी को देखते हुए होटल और ट्रैवल कारोबारी अधिकारियों से समयसीमा पर पुनर्विचार करने की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि साल के सबसे व्यस्त पर्यटन समय में हवाई संपर्क बाधित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हो सकता है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


