चेन्नई, चार अगस्त (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को तमिलनाडु की टीवीके सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर ‘‘अहंकार’’ में चूर होने का आरोप लगाया।
उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन के कथित विवादित बयान के लिए उन्हें गिरफ्तार किये जाने के तरीके की भी आलोचना की।
स्टालिन ने एक बयान में कहा, “अहंकार विनाश का कारण बनता है और लगातार अहंकार विनाश को और तेज कर देता है।”
उन्होंने राज्य में हिरासत में लिए गए सभी द्रमुक कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करने की मांग भी की।
विवाद सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर उदयनिधि स्टालिन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। इस प्रदर्शन में द्रमुक ने मांग की थी कि टीवीके सरकार कर्नाटक की प्रस्तावित मेकेदातु जलाशय परियोजना को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए, किसानों के सभी कर्ज पूरी तरह माफ करे और डेल्टा क्षेत्र के जिलों को आधिकारिक तौर पर सूखाग्रस्त घोषित करे।
प्रदर्शन के दौरान उदयनिधि ने कावेरी जल विवाद को संभालने के मुख्यमंत्री के तरीके की आलोचना की। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम लेकर नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ देर रुकने के बाद उदयनिधि ने कथित तौर पर द्विअर्थी टिप्पणी की, जिसके बाद देशभर में इसकी आलोचना हुई।
स्टालिन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने “अहंकारपूर्ण तरीके” से उदयनिधि को चेन्नई स्थित उनके घर से हिरासत में लिया और उन्हें तंजावुर ले गई।
उन्होंने कहा कि उन्हें गैर-जमानती धाराओं में गिरफ्तार किया गया ताकि वह विधानसभा के बजट सत्र में शामिल न हो सकें।
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र