बिहारशरीफ, 31 मार्च (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित इस प्राचीन मंदिर में हुई घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने संवाददाताओं से कहा, “मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। भगदड़ के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।”
उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भाषा कैलाश
खारी
खारी