पुलिस पर हमला करने वाले मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी: चेन्निथला

Ads

पुलिस पर हमला करने वाले मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी: चेन्निथला

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 04:19 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 04:19 PM IST

तिरुवनंतपुरम, छह जुलाई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को चेतावनी दी कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था लागू करने वाले अधिकारियों के काम में बाधा डालने की किसी भी कोशिश को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार के ‘ऑपरेशन तूफान’ ने केरल में मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।

चेन्निथला ने कहा, ‘‘कांस्टेबल से लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तक पूरा पुलिस तंत्र समन्वित तरीके से काम कर रहा है। मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क काफी कमजोर हुआ है।’’

हाल में छापेमारी और जांच के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमलों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि ऐसी प्रवृत्ति को आगे जारी नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी परिस्थिति में पुलिस के कामकाज में बाधा नहीं डालने दी जाएगी। पुलिस या आबकारी विभाग के अधिकारियों पर हमला करने अथवा उनके कर्तव्यों में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मैं स्पष्ट चेतावनी दे रहा हूं कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’

एर्नाकुलम जिले के पेरुंबवूर में प्रवासी श्रमिकों के मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में शामिल होने संबंधी खबरों पर चेन्निथला ने कहा कि केवल एक वर्ग के प्रवासी श्रमिक ही कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि सभी इसमें शामिल हैं। कुछ प्रवासी श्रमिक मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं। मैं स्वयं उनके कार्यस्थलों पर गया, उनसे बातचीत की और उन्हें नशे से दूर रहने की सलाह दी। मेरा मानना है कि उनमें से अधिकतर अब इससे बाहर आ चुके हैं।’’

राज्य सरकार ने दो जून को मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन तूफान: द नार्को हंट’ नाम से राज्यव्यापी अभियान शुरू किया था। इस पहल के तहत पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन, जनजागरूकता और पुनर्वास उपायों के माध्यम से अभियान चला रहे हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश