नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने हरियाणा से राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पर ‘वोट चोरी’ तथा लोकतंत्र की हत्या करने के प्रयास का आरोप लगाया और कहा कि ‘क्रॉस-वोटिंग’ करने वाले पार्टी विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आने वाले समय में जनता भी जवाब देगी।
पार्टी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने यह भी कहा कि भाजपा के तमाम हथकंडों के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध चुनाव जीत गए और भाजपा के मंसूबों पर पानी फिर गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध को हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। इन दोनों सीट के लिए मतगणना गोपनीयता के उल्लंघन के आरोपों के कारण दोनों दलों के बीच विवाद के कारण आधी रात के बाद तक हुई।
कांग्रेस के चार विधायकों के वोट रद्द कर दिए गए। पार्टी के पांच विधायकों ने क्रॉस-वोटिंग की है।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 37 विधायक हैं और उसके उम्मीदवार को 28 वोट मिले।
हुड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्रॉस-वोटिंग करने वालों पर पार्टी कड़ी कार्रवाई करेगी और आने वाले समय में जनता भी उन्हें माफ नहीं करेगी। जनता जवाब देगी।’’
हुड्डा का यह भी कहना था कि इस अग्निपरीक्षा में जो विधायक सफल हुए, उनका जनता और पार्टी के लोगों के बीच सम्मान बढ़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हरियाणा में रात के अंधेरे में भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की। भाजपा ने दिखा दिया है कि लोकतंत्र में उसका कोई विश्वास नहीं है। सीट हासिल करने के लिए भाजपा ने ‘क्रॉस वोटिंग’ के साथ कई तरह के हथकंडे अपनाने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने भाजपा के सारे मंसूबों पर पानी फेर दिया।’’
उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन अधिकारी (आरओ) ने पक्षपात किया और कांग्रेस के चार वैध मत रद्द कर दिए।
हुड्डा ने कहा, ‘‘ये दिखाता है कि भाजपा राज्यसभा चुनाव में वोट चोरी कर रही थी।’’
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि जिन विधायकों ने दलित उम्मीदवार बौद्ध को हराने के मकसद से ‘क्रॉस वोटिंग’ की है, उनको समाज सबक सिखाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दलित समुदाय इन विधायकों को सबक सिखाए।’’
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप