10वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने की हवाई यात्रा

Ads

10वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने की हवाई यात्रा

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 07:40 PM IST

जयपुर, 26 जून (भाषा) राजस्थान के टोंक जिले में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के दो विद्यार्थियों को दसवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह नरूका ने जयपुर से नयी दिल्ली तक हवाई यात्रा करवाई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तन्मय कुमार लोधी और चंद्र मोहन रैगर को इस दौरान नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ सहित अन्य स्थानों का भ्रमण भी कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि तन्मय ने 95.50 प्रतिशत और चंद्र मोहन रैगर ने 93.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रधानाचार्य डॉ. नरूका ने विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से पूर्व में घोषणा की थी कि 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराई जाएगी।

जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भी जयपुर हवाई अड्डे पर बच्चों से मुलाकात की और प्रतिभावान विद्यार्थियों को अपने खर्च पर हवाई यात्रा कराने के लिए प्रधानाचार्य की सराहना की।

विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इतनी कम उम्र में उन्हें हवाई यात्रा का अवसर मिलेगा।

प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए ही नहीं बल्कि बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए भी प्रेरित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करते हैं और उनमें आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र