नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को कहा कि वह 10 अप्रैल तक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त होने तक सुरक्षा जांच और टिकट काउंटर पर छात्रों को प्राथमिकता देगा।
परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई हैं। सीबीएसई परीक्षाओं में शामिल होने के लिए लाखों छात्र/छात्राएं पूरे शहर में यात्रा कर रहे हैं।
डीएमआरसी ने कहा कि उसने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएफ) के समन्वय से छात्रों के लिए टिकट लेने में आसानी और सुरक्षा जांच की व्यवस्था की है।
इसमें कहा गया है कि मेट्रो स्टेशन पर तलाशी के दौरान सीबीएसई का प्रवेश पत्र दिखाने वाले छात्र/छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि उनका प्रतीक्षा समय कम हो सके।
जिन छात्र/छात्राओं के पास प्रवेश पत्र होगा उन्हें ‘टिकट ऑफिस मशीन’ (टीओएम) और ग्राहक सेवा (सीसी) केंद्रों पर प्राथमिकता दी जाएगी।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश