सुधांशु त्रिवेदी ने शरद अग्रवाल की दो पुस्तकों का विमोचन किया

सुधांशु त्रिवेदी ने शरद अग्रवाल की दो पुस्तकों का विमोचन किया

सुधांशु त्रिवेदी ने शरद अग्रवाल की दो पुस्तकों का विमोचन किया
Modified Date: September 20, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: September 20, 2026 8:17 pm IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) राज्यसभा सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को हिंदी पखवाड़े के दौरान वरिष्ठ चिकित्सक एवं साहित्यकार शरद अग्रवाल की दो पुस्तकों का विमोचन किया।

इनमें से एक पुस्तक ‘कहावतों की लोक कथाएं’ है, जिसमें आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली हिंदी कहावतों से जुड़ी 350 से अधिक लोक कथाओं को शामिल किया गया है। इसमें कहावतों से जुड़ी कहानियों, घटनाओं, मान्यताओं और सामाजिक संदर्भों का वर्णन किया गया है।

अग्रवाल ने कहा कि कहावतें समाज की सामूहिक मेधा, अनुभवों और जीवन दर्शन को दर्शाती हैं तथा उनके पीछे छिपी कहानियों को संरक्षित करने से सांस्कृतिक स्मृति को बचाए रखने में मदद मिलती है।

दूसरी पुस्तक ‘मनभावन लोकगीत’ है, जो विवाह और त्योहारों सहित विभिन्न अवसरों से जुड़े 500 से अधिक पारंपरिक और समकालीन लोकगीतों का संग्रह है।

इस पुस्तक में ‘बन्ने-बन्नी’, ‘सोहर’, ‘भात’ और ‘जयमाल’ जैसे लोकगीतों को शामिल किया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिवेदी ने हिंदी और लोक साहित्य के संरक्षण के लिए अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं और लोक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।

अग्रवाल की इससे पहले प्रकाशित पुस्तक ‘हिंदी कहावत कोश’ का विमोचन तत्कालीन गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 14 सितंबर, 2024 को नई दिल्ली में आयोजित चौथे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान किया था।

इस पुस्तक के विस्तारित संस्करण में हिंदी की 10,000 से अधिक कहावतों को उनके अर्थ, संदर्भ और चित्रों के साथ शामिल किया गया है।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में