नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने एक व्यक्ति को नाबालिग बच्चे के कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में बुधवार को बरी कर दिया। वह इस मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 16 साल से अधिक समय जेल में बिता चुका है। शीर्ष अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष के मामले की कड़ी में कई ‘‘कड़ियां गायब’’ हैं।
न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने कहा कि निचली अदालत ने व्यक्ति को दोषी ठहराकर उम्रकैद की सजा सुनाने में गलती की थी और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने भी उसकी दोषसिद्धि बरकरार रखकर गलती की।
शीर्ष अदालत ने कहा कि अपराध का कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं था और पूरा मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा आरोपी और पीड़ित को ‘‘अंतिम बार साथ देखे जाने’’ के सिद्धांत पर आधारित था।
पीठ ने कहा कि आरोपी द्वारा गांव के सरपंच के समक्ष कथित रूप से दिए गए न्यायेतर स्वीकारोक्ति का कोई ‘‘विश्वसनीय स्पष्टीकरण’’ नहीं है, क्योंकि न तो आरोपी और न ही पीड़ित का सरपंच से कोई संबंध था।
पीठ ने कहा, ‘‘न्यायेतर स्वीकारोक्ति कमजोर साक्ष्य होती है और स्वतंत्र तथा ठोस पुष्टिकारक परिस्थितियों या साक्ष्य के बिना इसे अकेले दोषसिद्धि का आधार नहीं बनाया जा सकता।’’
शीर्ष अदालत ने कहा कि जब कोई न्यायालय अभियोजन पक्ष के पूरे साक्ष्य का उचित मूल्यांकन करने के बाद न्यायेतर स्वीकारोक्ति के आधार पर दोषसिद्धि करना चाहता है, तो उसे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह भरोसा पैदा करती हो और अन्य साक्ष्यों से उसकी पुष्टि होती हो।
पीठ ने कहा, ‘‘यदि न्यायेतर स्वीकारोक्ति में महत्वपूर्ण विरोधाभास या आंतरिक असंभावनाएं हों और वह अभियोजन पक्ष के दावे के अनुरूप ठोस प्रतीत न हो, तो ऐसी स्वीकारोक्ति के आधार पर दोषसिद्धि करना कठिन हो सकता है।’’
शीर्ष अदालत ने यह फैसला व्यक्ति की उस अपील पर सुनाया, जिसमें उसने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के अक्टूबर 2022 के आदेश को चुनौती दी थी।
उच्च न्यायालय ने अंबाला में वर्ष 2007 में दर्ज मामले में निचली अदालत के अप्रैल 2010 के फैसले के खिलाफ उसकी अपील खारिज कर दी थी। निचली अदालत ने उसे मामले में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
शीर्ष अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अपीलकर्ता ‘‘पहले ही 16 साल और सात महीने से अधिक समय जेल में बिता चुका है।’’
पीठ ने कहा कि निचली अदालत ने आरोपी को हत्या और अप्राकृतिक यौन अपराध समेत कथित अपराधों के लिए दोषी ठहराया था।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव