शुभेंदु ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मृत्यु को ‘साजिश के तहत की गई हत्या’ करार दिया

Ads

शुभेंदु ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मृत्यु को ‘साजिश के तहत की गई हत्या’ करार दिया

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 07:45 PM IST

(तस्वीरों सहित)

कोलकाता, 23 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 1953 में जम्मू कश्मीर की जेल में हुई मृत्यु को ‘‘साजिश के तहत की गई हत्या’’ मानते हैं।

अधिकारी ने दावा किया कि डॉ. मुखर्जी का प्रसिद्ध नारा ‘‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’’ ही उनकी असमय मृत्यु का कारण बना।

संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा दिया गया था और उसका अपना संविधान, ध्वज और प्रशासनिक स्वायत्तता थी। अगस्त 2019 में, केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने उस विशेष दर्जा को खत्म कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर में बिना परमिट के प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किये जाने के बाद, श्रीनगर जेल में मुखर्जी की मृत्यु होना एक रहस्य बना हुआ है।

मुखर्जी की पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम उनकी मौत को साजिश के तहत की गई हत्या मानते हैं।’’

अधिकारी ने कहा कि यह दिन देश सेवा का संकल्प लेने का है, जिसके लिए मुखर्जी ने अपने प्राण न्यौछावर किये थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अगस्त 1947 में पश्चिम बंगाल को भारत में शामिल कराकर हमारे लिए एक मातृभूमि बनाने का रास्ता दिखाने के लिए हम बंगाली पीढ़ियों तक उनके ऋणी रहेंगे।’’

अधिकारी ने कहा कि मुखर्जी ने अप्रैल 1947 में तारकेश्वर में हुए हिंदू महासम्मेलन में एक प्रस्ताव पारित करवाया था, जिसमें अविभाजित बंगाल के पश्चिमी जिलों को भारत में ही बनाए रखने की बात कही गई थी।

पश्चिम बंगाल में पहली बार बनी भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह सरकार उनके आदर्शों को ध्यान में रखकर काम करेगी और उनके दिखाये रास्ते पर आगे बढ़ेगी।’’

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार छात्रों को पश्चिम बंगाल के गठन के इतिहास से अवगत कराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फुट ऊंची प्रतिमा लगाने के लिए ‘भूमि पूजन’ 6 जुलाई को उनकी 125वीं जयंती पर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके सम्मान में 6 जुलाई को अवकाश की घोषणा करेगी। उन्होंने बताया कि हुगली जिले के जीरुट में उनके पैतृक घर पर एक स्मारक और एक पुस्तकालय बनाया जाएगा, जिसके लिए वित्त मंत्री ने सोमवार को विधानसभा में पेश किये गए राज्य के बजट में प्रावधान किया है।

इससे पहले, अधिकारी ने दक्षिण कोलकाता के केवड़ातला श्मशान घाट में, मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री के साथ राज्य के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता और उद्योग मंत्री तापस रॉय भी मौजूद थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी यहां मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली बार है जब सूचना और संस्कृति विभाग तथा कोलकाता नगर निगम ने मिलकर दिवंगत नेता की पुण्यतिथि पर उनका ‘‘आत्मबलिदान दिवस’’ ​​मनाया है।

भाषा सुभाष संतोष

संतोष