शुभेंदु के करीबी सहयोगी की हत्या : पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के बारे में निर्णय लेगा परिवार

Ads

शुभेंदु के करीबी सहयोगी की हत्या : पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के बारे में निर्णय लेगा परिवार

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 09:29 AM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 09:29 AM IST

कोलकाता, सात मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेता पहुंचे और कहा कि उनका परिवार बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद अंतिम संस्कार के बारे में फैसला करेगा। पार्टी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गयी।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पोस्टमॉर्टम आज पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा। इस समय परिवार की इच्छाएं सर्वोपरि हैं। मृतक के परिवार से परामर्श के बाद अंतिम संस्कार संबंधी निर्णय लिए जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व लगातार रथ के परिजनों के संपर्क में है।

बुधवार रात गोली मारे जाने की घटना के बाद रथ को जिस अस्पताल में ले जाया गया था, उसके बाहर भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए और हत्या में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘हम दोषियों के लिए ऐसी सजा चाहते हैं कि मिसाल कायम हो। लोकतांत्रिक राज्य में ऐसे हमले निंदनीय हैं।’’

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा को रोकने के लिए अस्पताल और रथ के आवास के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने रथ की गाड़ी का पीछा किया, उन्हें रुकने के लिए मजबूर किया और गोली चलाकर भाग गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि रथ को ले जा रहे वाहन को पहले दोहरिया जंक्शन के पास एक छोटे चार पहिया वाहन ने रोका, जिसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार कार के पास आया और करीब से गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

भाषा

गोला वैभव

वैभव