मथुरा (उप्र), सात मई (भाषा) मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में बावरिया गिरोह के दो इनामी सदस्य मारे गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि पिछले महीने 23-24 अप्रैल को सुरीर क्षेत्र के टैंटी गांव में हुई डकैती की एक घटना में वांछित दो अभियुक्तों की मौजूदगी के बारे में पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी जिसके बाद छह-सात मई की दरमियानी रात मौके पर पहुंची पुलिस ने मोटरसाइकिल से आ रहे दो लोगों को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चला दीं।
उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए जिन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान पप्पू उर्फ राजेंद्र और धर्मवीर उर्फ लंबू के रूप में हुई है और राजस्थान के रहने वाले ये दोनों लोग बावरिया गिरोह के सक्रिय सदस्य थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक बदमाश पर 16 तथा दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज थे। उन्होंने बताया कि यह भी पता लगा है कि दोनों बदमाश नाम बदलकर कई अन्य जगहों पर भी सक्रिय रहे हैं।
कुमार ने बताया कि पप्पू और धर्मवीर पर 50-50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के कई वीडियो भी प्राप्त हुए हैं, जिनमें वे विभिन्न राज्यों में घटना करते हुए देखे गए हैं। उन्होंने बताया कि उन सभी राज्यों और जिलों के अधिकारियों से संपर्क स्थापित करके अन्य सूचनाएं भी हासिल की जा रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की स्वाट टीम के प्रभारी अजय वर्मा और सिपाही दुर्ग विजय सिंह गोली लगने से घायल हुए हैं जिनका उपचार कराया जा रहा है।
कुमार ने बताया कि मारे गए बदमाशों के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
भाषा सलीम वैभव
वैभव