(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जी.पार्मेलिन ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उनका देश वर्ष 2027 में जिनेवा में एआई समिट के अगले संस्करण की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है।
पार्मेलिन नयी दिल्ली में जारी ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने वाले लगभग 20 वैश्विक नेताओं में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘स्विट्जरलैंड 2027 में जिनेवा में होने वाले एआई समिट की मेजबानी करने और 2028 में होने वाले एआई समिट के भावी मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के साथ जिनेवा शिखर सम्मेलन के साझेदार के रूप में काम करने के लिए उत्सुक है।’’
उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन की मेजबानी से डिजिटल नीति के लिहाज से स्विट्जरलैंड की स्थिति मजबूत होगी और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की पुष्टि होगी।
पार्मेलिन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बहुपक्षीय सहयोग और व्यापार पर ‘मूल्यवान चर्चा’ की।
उन्होंने कहा, ‘‘ईएफटीए-भारत व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के लागू होने के बाद से हमारे आर्थिक संबंधों में अत्यधिक गतिशील प्रगति हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक नई द्विपक्षीय निवेश संधि भारत में स्विस निवेश को बढ़ावा देने और सतत रोजगार सृजन का समर्थन करने के हमारे साझा उद्देश्य को और मजबूत करेगी। हमने अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा की।’’
पार्मेलिन ने कहा कि स्विट्जरलैंड और भारत महत्वपूर्ण मूल्यों को साझा करते हैं और दोनों देशों ने नवाचार और जिम्मेदारी के बीच नाजुक संतुलन को पहचाना है।
भाषा संतोष माधव
माधव