नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) तापसी पन्नू अभिनीत फिल्म ‘गांधारी’ तीन सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। देवाशीष मखीजा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की निर्माता कनिका ढिल्लों हैं।
फिल्म में इश्वाक सिंह, छाया कदम, स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और जतिन सरना भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
काल्पनिक शहर जयपुरा की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘गांधारी’ एक महिला बानी की कहानी है, जो एक मां है और जिसकी भक्ति एवं समर्पण की लगातार परीक्षा होती है। फिल्म अटूट विश्वास, शांत दृढ़ता और अडिग साहस को सामने लाती है।
फिल्म ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ के बाद कनिका ढिल्लों और तापसी पन्नू एक बार फिर साथ काम कर रही हैं।
कनिका ने कहा कि फिल्म ऐसी महिला की कहानी है, जो अपनी परिस्थितियों को अपनी पहचान तय करने की इजाजत नहीं देती। उन्होंने बानी के सफर को वास्तविक, संघर्षपूर्ण और निजी बताते हुए तापसी के साथ दोबारा काम करने को खास अनुभव बताया।
नेटफ्लिक्स इंडिया की ओरिजिनल फिल्मों की निदेशक रुचिका कपूर शेख ने ‘गांधारी’ को साहसिक और भावनात्मक रूप से प्रभावशाली एक्शन थ्रिलर बताया।
इस फिल्म का निर्माण कथा पिक्चर्स के बैनर तले हुआ है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन