चेन्नई, पांच अगस्त (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को 2026-27 के संशोधित बजट में एचआरएंडसीई विभाग के लिए 708 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की।
विधानसभा में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बताया कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में 3,000 मंदिरों के जीर्णोद्धार और ‘प्रतिष्ठापन’ कराने की व्यापक योजना बनाई है।
राज्य की प्राचीन स्थापत्य धरोहर के संरक्षण के लिए एक हजार वर्ष से अधिक पुराने 213 मंदिरों के जीर्णोद्धार और संरक्षण पर 418 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विभाग 250 मंदिर कुंड का पुनरुद्धार करेगा और 75 लकड़ी के मंदिर रथों की भी मरम्मत कराएगा।
सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिक संख्या में भक्तों वाले मंदिरों में सुरक्षित पेयजल, शौचालय, स्नानघर और ठहरने की सुविधाओं का भी उन्नयन करने की घोषणा की।
सरकार ने धार्मिक स्थलों की प्रशासनिक जरूरतों पर बताया कि पद संभालने के तुरंत बाद ही 9,205 मंदिरों में न्यासियों की नियुक्ति के लिए सूचना जारी कर दी गयी थीं और इन नियुक्तियों को पूरा करने की प्रक्रिया अभी जारी है।
एचआरएंडसीई विभाग में कई तरह के ढांचागत सुधारों के साथ-साथ, वित्त मंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि सरकार राज्य के मंदिरों की चल और अचल संपत्तियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश