तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), एक जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को अपने पहले दौरे पर तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे तथा मतदाताओं को धन्यवाद देंगे।
मुख्यमंत्री का आज शाम तिरुचिरापल्ली का दौरा करने का कार्यक्रम है और उनके आने से पहले पुलिस ने यातायात में बदलाव लागू कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री 10 मई को मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद अपनी पहली रैली को संबोधित करेंगे।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) अध्यक्ष ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर दोनों विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की थी और तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट खाली कर दी थी जबकि चेन्नई में पेरम्बूर सीट बरकरार रखी थी।
टीवीके सूत्रों के अनुसार, विजय निजी विमान से चेन्नई से रवाना होंगे और लगभग शाम चार बजे तक तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे। वह यहां सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित एक जनसभा में मतदाताओं को धन्यवाद देंगे।
मुख्यमंत्री के टीवीके कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करने और तिरुचिरापल्ली में जारी परियोजनाओं की समीक्षा करने की उम्मीद है।
विजय का यह दौरा पार्टी के भीतर जारी एक अभियान का हिस्सा है,जिसके तहत सभी टीवीके विधायकों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को धन्यवाद देने का निर्देश दिया गया है।
इस बीच, टीवीके ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुलिस के दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की। केवल 5,000 लोगों को ही इस कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति होगी, जिन्हें क्यूआर कोड प्रवेश पास जारी किए गए हैं।
पार्टी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘क्यूआर कोड प्रवेश पास जारी किए जा चुके हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिलाओं, बच्चों, स्कूली छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग व्यक्तियों और स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त लोगों को क्यूआर कोड पास नहीं दिए गए हैं, इसलिए उनसे अनुरोध किया गया है कि वे कार्यक्रम में नहीं आएं।’’
भाषा सुरभि रंजन
रंजन