चेन्नई, 19 सितंबर (भाषा) टीवीके के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार को बाहर से समर्थन दे रही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मरीना बीच के पास डाउनटाउन फोरशॉर एस्टेट में एक नया सचिवालय परिसर बनाने की राज्य सरकार की योजना का कड़ा विरोध करते हुए शनिवार को यहां प्रदर्शन किया।
माकपा ने इस प्रस्ताव को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इससे मछुआरे प्रभावित होंगे और चयनित स्थान के आसपास का इलाका बेहद भीड़भाड़ वाला है, इसलिए यह अनुपयुक्त है।
माकपा ने कहा कि इस प्रस्ताव को वापस लिया जाना चाहिए और वैकल्पिक स्थानों पर विचार करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जानी चाहिए।
पार्टी ने कहा कि चेन्नई शहर में किसी उपयुक्त स्थान का चयन किया जाना चाहिए।
माकपा ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारी समुद्र तट के पास प्रस्तावित स्थान पर निर्माण कार्य शुरू करते हैं तो वह ‘काम बंद करा देगी’।
प्रदर्शन का नेतृत्व करने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए, माकपा के राज्य सचिव षणमुगम ने कहा कि कई प्रासंगिक कारकों को देखते हुए फोरशॉर एस्टेट में सचिवालय-विधानसभा परिसर का निर्माण करने का निर्णय ‘अस्वीकार्य’ है।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश