तमिलनाडु : अम्मा कैंटीनों के उन्नयन के फैसले का दिनाकरन ने किया स्वागत

तमिलनाडु : अम्मा कैंटीनों के उन्नयन के फैसले का दिनाकरन ने किया स्वागत

तमिलनाडु : अम्मा कैंटीनों के उन्नयन के फैसले का दिनाकरन ने किया स्वागत
Modified Date: May 19, 2026 / 12:40 pm IST
Published Date: May 19, 2026 12:40 pm IST

चेन्नई, 19 मई (भाषा) अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने तमिलनाडु में संचालित अम्मा कैंटीनों के उन्नयन संबंधी मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के निर्देश का मंगलवार को स्वागत किया और राज्य सरकार से इस योजना का और विस्तार करने की मांग की।

दिनाकरन ने एक बयान में कहा, “मैं मुख्यमंत्री के उस निर्देश का स्वागत करता हूं, जिसके तहत चेन्नई निगम सहित राज्यभर की 600 से अधिक अम्मा कैंटीनों में बुनियादी ढांचे में सुधार, जरूरी रसोई उपकरणों की तत्काल खरीद और जनता को गुणवत्तापूर्ण भोजन निर्बाध तरीके से उपलब्ध कराने की बात कही गई है।”

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता द्वारा शुरू की गई रियायती दर वाली सरकारी भोजनालय योजना ‘अम्मा कैंटीन’ को भूख के खिलाफ ‘जीवनरेखा’ बताते हुए कहा कि इससे छात्र, श्रमिक और अन्य जरूरतमंद लोगों को लाभ मिला है।

दिनाकरन ने आरोप लगाया, “गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा के उद्देश्य के बावजूद द्रमुक शासन के पांच वर्षों के दौरान अम्मा कैंटीनों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।”

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी, उपकरणों का अभाव और राजनीतिक कारणों से कैंटीनों को बंद किए जाने जैसी समस्याओं ने इस पहल के उद्देश्य को कमजोर किया।

एएमएमके नेता ने कहा, “ऐसे समय में जब मुख्यमंत्री ने अम्मा कैंटीनों के महत्व को स्वीकार करते हुए उनके उन्नयन का आदेश दिया है, मैं इस फैसले का दिल से स्वागत करता हूं और तमिलनाडु के सभी पंचायत क्षेत्रों में अम्मा कैंटीन शुरू करने की मांग करता हूं, ताकि राज्य के गरीब और श्रमिक वर्ग के लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा सके।”

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में