चेन्नई, 27 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राज्य में कुल महिला मतदाताओं में से करीब 2.52 करोड़, यानी लगभग 86.2 प्रतिशत महिलाओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया।
उन्होंने बताया कि पुरुष मतदाताओं में 2.35 करोड़ लोगों ने मतदान किया, जो राज्य के कुल पुरुष मतदाताओं का 83.96 प्रतिशत है।
राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर कुल 4.87 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो उल्लेखनीय मतदान प्रतिशत दर्शाता है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तृतीय लिंगी मतदाताओं ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई, जिनमें 4,517 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो पंजीकृत कुल तृतीय लिंगी मतदाताओं का 58.44 प्रतिशत है।
राज्य में कुल मतदान प्रतिशत लगभग 85.1 प्रतिशत दर्ज किया गया। तमिलनाडु में कुल 5.73 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 2.93 करोड़ महिलाएं, 2.83 करोड़ पुरुष और 7,728 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं। इसमें 14.59 लाख प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाता भी शामिल थे।
राज्य की 234 विधानसभा सीटों पर 4,023 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें बड़ी संख्या निर्दलियों की थी।
चेन्नई जिले की 16 विधानसभा सीटों पर करीब 24.22 लाख मत डाले गए।
ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के एक सूत्र के अनुसार, जिले में कुल मतदान प्रतिशत 83.71 रहा। पेरंबूर में सबसे अधिक 2.03 लाख मत (89.73 प्रतिशत) डाले गए, इसके बाद कोलाथुर में 1.82 लाख मत (86.11 प्रतिशत) दर्ज किए गए।
मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा राखी वैभव
वैभव