तमिलनाडु: उदयनिधि स्टालिन ने जेल में विधायक से की मुलाकात, गिरफ्तारी को लेकर उठाये सवाल

तमिलनाडु: उदयनिधि स्टालिन ने जेल में विधायक से की मुलाकात, गिरफ्तारी को लेकर उठाये सवाल

तमिलनाडु: उदयनिधि स्टालिन ने जेल में विधायक से की मुलाकात, गिरफ्तारी को लेकर उठाये सवाल
Modified Date: July 27, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: July 27, 2026 7:49 pm IST

तिरूनेलवेली, 27 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को पलायमकोट्टई केंद्रीय कारागार में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के विधायक जी वी मार्कंडेयन से मुलाकात करने के बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की।

उदयनिधि ने कहा, “सोशल मीडिया पर अपनी राय व्यक्त करने वालों के साथ-साथ विपक्षी दलों के पदाधिकारियों के खिलाफ अनावश्यक और झूठे मामले दर्ज करना ही इस सरकार का एकमात्र काम लगता है।”

द्रमुक नेता ने कहा कि उन्होंने मार्कंडेयन को भरोसा दिलाया है कि द्रमुक नेतृत्व उन्हें सभी जरूरी कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगा।

उदयनिधि स्टालिन ने मार्कंडेयन से करीब 30 मिनट तक बातचीत की।

उन्होंने कहा, “विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अप्पावु, गीता जीवन और अनिता राधाकृष्णन के साथ मैंने विलाथिकुलम से अपने विधायक और प्रिय भाई मार्कंडेयन से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।”

मार्कंडेयन को तूतीकोरिन में पुलिस में दर्ज एक शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मार्कंडेयन ने कोविलपट्टी में एक सार्वजनिक सभा के दौरान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ मानहानिकारक और धमकी भरी टिप्पणी की थी।

द्रमुक विधायक को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित रूप से ‘हम आपकी हड्डियां तोड़ देंगे’ वाली टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया गया था।

उदयनिधि ने पत्रकारों से बातचीत में सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विपक्षी विधायकों के खिलाफ गिरफ्तारी और मामले दर्ज करने का सहारा ले रही है।

द्रमुक ने पुलिस कार्रवाई को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया जबकि सत्तारूढ़ दल का कहना है कि गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में