टास्मैक कर्मचारी मौत मामला: परिजनों ने शव लेने से किया इनकार, निष्पक्ष जांच की मांग की

Ads

टास्मैक कर्मचारी मौत मामला: परिजनों ने शव लेने से किया इनकार, निष्पक्ष जांच की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 10:43 AM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 10:43 AM IST

तूतीकोरिन, 24 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टास्मैक) के कर्मचारी एन. अरुणाचलम की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में उनके परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया।

अरुणाचलम के भाई सुडलाईमनी ने पुलिस के इस दावे को खारिज कर दिया कि हिरासत के दौरान उनके भाई अचानक अचेत हो गए थे। उन्होंने उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

सुडलाईमनी ने शुक्रवार संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह झूठ है कि मेरे भाई को मिर्गी या ऐसी कोई अन्य बीमारी थी। ऐसा कोई रिकॉर्ड भी नहीं है कि वह इस तरह की किसी बीमारी की दवा ले रहे थे।’’

परिजनों ने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की जाती और अरुणाचलम की मौत के लिए न्याय नहीं मिलता, तब तक वे शव नहीं लेंगे।

इस बीच, पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।

तूतीकोरिन पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक सीसीटीवी फुटेज जारी किया जिसमें अमूथा नगर निवासी अरुणाचलम को हवालात के भीतर कथित तौर पर अचानक गिरते देखा जा सकता है।

पुलिस का कहना है कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल मामले को संभाला, प्राथमिक उपचार दिया, पीने का पानी उपलब्ध कराया और अरुणाचलम को सही तरीके से बैठाया।

गिरफ्तारी के एक दिन बाद अरुणाचलम को तूतीकोरिन सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पांच दिन तक उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।

तूतीकोरिन दक्षिण पुलिस ने हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अरुणाचलम को 17 जुलाई को तमिलनाडु निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, उनके पास से शराब की 120 बोतलें बरामद की गई थीं।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी